सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति (Committee on Government Assurances)
यह समिति मंत्रियों द्वारा समय-समय पर सदन में दिए गए आश्वासनों, वादों और प्रतिबद्धताओं की जाँच करती है तथा उनके पालन की स्थिति पर रिपोर्ट देती है। लोकसभा में इसके 15 और राज्यसभा में 10 सदस्य होते हैं। इसका गठन 1953 में हुआ।
अधीनस्थ विधान संबंधी समिति (Committee on Subordinate Legislation)
यह समिति जाँच करती है और सदन को रिपोर्ट देती है कि संसद द्वारा प्रत्यायोजित या संविधान द्वारा कार्यपालिका को दी गई विनियम, नियम, उपनियम आदि बनाने की शक्तियों का उचित प्रयोग हो रहा है या नहीं। दोनों सदनों की समिति में 15-15 सदस्य होते हैं। इसका गठन 1953 में हुआ।
सदन के पटल पर रखे गए पत्रों संबंधी समिति
इसका गठन 1975 में हुआ। लोकसभा की समिति में 15 और राज्यसभा की समिति में 10 सदस्य होते हैं। यह मंत्रियों द्वारा सदन के पटल पर रखे गए सभी दस्तावेजों की जाँच करती है कि वे संविधान, संबंधित अधिनियम या नियम के अनुरूप हैं या नहीं। यह अधीनस्थ विधान समिति के क्षेत्राधिकार में आने वाली वैधानिक अधिसूचनाओं और आदेशों की जाँच नहीं करती।
अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के कल्याण संबंधी समिति
इसमें 30 सदस्य (लोकसभा से 20 और राज्यसभा से 10) होते हैं। इसके कार्य हैं: (i) राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्टों पर विचार करना; (ii) SC/ST के कल्याण से संबंधित सभी मामलों, जैसे संवैधानिक और वैधानिक सुरक्षा प्रावधानों का क्रियान्वयन तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के कामकाज की जाँच करना।
महिला सशक्तीकरण समिति
इसका गठन 1997 में हुआ और इसमें 30 सदस्य (लोकसभा से 20 और राज्यसभा से 10) होते हैं। यह राष्ट्रीय महिला आयोग की रिपोर्टों पर विचार करती है और सभी क्षेत्रों में महिलाओं की स्थिति, गरिमा और समानता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए उपायों की जाँच करती है।
लाभ के पदों संबंधी संयुक्त समिति
यह केंद्र, राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों द्वारा नियुक्त समितियों तथा अन्य संस्थाओं की संरचना और प्रकृति की जाँच करती है। सिफारिश करती है कि ऐसे पद धारण करने वाले व्यक्तियों को संसद सदस्य निर्वाचित होने से अयोग्य घोषित किया जाए या नहीं। इसमें 15 सदस्य (लोकसभा से 10 और राज्यसभा से 5) होते हैं।
67th BPSC
प्र. कार्यपालिका को नियम और विनियम बनाने की शक्ति सौंपने से संबंधित संसदीय समिति निम्नलिखित में से कौन-सी है?
A. कार्यकारी विधान समिति
B. प्रशासनिक विधान समिति
C. अधीनस्थ विधान संबंधी समिति
D. उपरोक्त में से कोई नहीं