कार्य मंत्रणा समिति (Business Advisory Committee)
यह समिति सदन के कार्यक्रम और समय-सारणी का नियमन करती है। सरकार द्वारा सदन के सामने लाए गए विधायी तथा अन्य कार्यों के लिए समय आवंटित करती है। लोकसभा की समिति में अध्यक्ष सहित 15 सदस्य होते हैं। राज्यसभा की समिति में सभापति सहित 11 सदस्य होते हैं और सभापति इसके पदेन अध्यक्ष होते हैं।
गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों और संकल्पों संबंधी समिति
यह समिति विधेयकों का वर्गीकरण करती है और गैर-सरकारी सदस्यों (मंत्रियों के अलावा अन्य सदस्यों) द्वारा पेश किए गए विधेयकों और संकल्पों पर चर्चा के लिए समय आवंटित करती है। यह लोकसभा की विशेष समिति है, जिसमें उपाध्यक्ष सहित 15 सदस्य होते हैं। उपाध्यक्ष इसकी अध्यक्षता करते हैं। राज्यसभा में ऐसी समिति नहीं है। वहाँ यह कार्य राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति करती है।
नियम समिति (Rules Committee)
यह समिति सदन की प्रक्रिया और कार्य संचालन से संबंधित मामलों पर विचार करती है तथा सदन के नियमों में आवश्यक संशोधन या नए नियम जोड़ने की सिफारिश करती है। लोकसभा में इसके 15 सदस्य होते हैं और लोकसभा अध्यक्ष पदेन अध्यक्ष होते हैं। राज्यसभा में सभापति सहित 16 सदस्य होते हैं और सभापति पदेन अध्यक्ष होते हैं।
सदस्यों की अनुपस्थिति संबंधी समिति
यह समिति सदन की बैठकों से अनुपस्थित रहने की अनुमति के लिए सदस्यों के सभी आवेदनों पर विचार करती है। यह बिना अनुमति 60 दिन या उससे अधिक समय तक अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों के मामलों की जाँच भी करती है। यह लोकसभा की विशेष समिति है और इसमें 15 सदस्य होते हैं। राज्यसभा में ऐसी समिति नहीं है; वहाँ सदन स्वयं इन मामलों पर विचार करता है।